पुणे न्यूज डेस्क: भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में शादी के महज पांच महीने बाद संदिग्ध परिस्थितियों में जान गंवाने वाली 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की जिंदगी कई उपलब्धियों और सपनों से भरी हुई थी। उनकी कहानी सिर्फ एक घरेलू विवाद तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे ग्लैमर, कॉरपोरेट और अध्यात्म तीनों क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना चुकी थीं।
मूल रूप से नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा ने साल 2014 में सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी से बीबीए की पढ़ाई पूरी की थी। इसी दौरान उन्होंने ग्लैमर इंडस्ट्री में कदम रखा और ‘मिस पुणे’ का खिताब जीता। इसके बाद उन्होंने कई बड़े विज्ञापनों में काम किया और अपनी अभिनय प्रतिभा के दम पर तेलुगु फिल्म मुग्गुरु मोनागाल्लू में भी अभिनय किया।
ट्विशा ने ग्लैमर की दुनिया के साथ-साथ कॉरपोरेट सेक्टर में भी सफल करियर बनाया। उन्होंने मुंबई स्थित कंपनी फ्लेवर पॉट फूड्स में करीब छह वर्षों तक मार्केटिंग मैनेजर के तौर पर काम किया। बाद में वे जर्मन एकेडमी ऑफ डिजिटल एजुकेशन में कम्युनिकेशन एंड ऑनबोर्डिंग मैनेजर रहीं। काम के साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई भी जारी रखी और साल 2024 में नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से डिस्टेंस लर्निंग के जरिए एमबीए की डिग्री हासिल की।
ट्विशा का व्यक्तित्व सिर्फ करियर तक सीमित नहीं था। वे एक प्रमाणित योग ट्रेनर थीं और विपश्यना ध्यान पद्धति से भी गहराई से जुड़ी हुई थीं। दोस्तों के बीच वे खुद को लगातार बेहतर बनाने और नई चीजें सीखने वाली शख्सियत के रूप में जानी जाती थीं। साल 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए उनकी मुलाकात भोपाल के वकील सामर्थ्य सिंह से हुई थी, जिसके बाद दिसंबर 2025 में दोनों ने शादी की थी।