पुणे न्यूज डेस्क: लंदन से बिना परिवार को बताए भारत लौटी 34 साल की एक महिला पुणे के किराए के फ्लैट में मृत पाई गई। परिवार को उसके भारत में होने का पता खाने की ऑनलाइन डिलीवरी के ट्रांजैक्शन से चला था। इसके कुछ दिनों बाद ही उसका शव फ्लैट में मिला।
मुग्धा देशमुख मूल रूप से छत्रपति संभाजीनगर की रहने वाली थीं। वह पिछले साल जुलाई में एमबीए की पढ़ाई करने के लिए ब्रिटेन गई थीं। वहां वह अकेले रहती थीं और पार्ट टाइम काम भी करती थीं। पुलिस के मुताबिक, मुग्धा फोन कॉल और मैसेज के जरिए अपने परिवार के संपर्क में थीं।
हालांकि, 24 अक्टूबर को जब परिवार ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। कुछ समय बाद उनका फोन भी बंद हो गया। परेशान होकर परिवार ने लंदन में रहने वाली उनकी एक दोस्त से संपर्क किया। दोस्त ने बताया कि उसकी मुग्धा से आखिरी बार 22 अक्टूबर को मैसेज के जरिए बात हुई थी। इसके बाद दोस्त ने लंदन पुलिस में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसे बताया कि मुग्धा अगस्त के आखिरी दिनों में ही ब्रिटेन छोड़ चुकी थीं।
इसके बाद मुग्धा के परिवार ने उन्हें ढूंढने के लिए भारतीय अधिकारियों और भारतीय उच्चायोग से मदद मांगी। इसी दौरान उनके पिता ने बैंक स्टेटमेंट चेक किया तो पता चला कि 8 से 25 अक्टूबर के बीच कई बार खाने की ऑनलाइन डिलीवरी के लिए पेमेंट किया गया था। इनमें से कुछ ट्रांजैक्शन छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके से हुए थे। इससे परिवार को शक हुआ कि मुग्धा भारत में ही हैं।
पुलिस ने जांच शुरू की और मुग्धा की लोकेशन पुणे के गहुंजे स्थित लोधा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में मिली। पुलिस जब वहां पहुंची तो फ्लैट अंदर से बंद था। चाबी बनाने वाले की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। अंदर मुग्धा मृत अवस्था में मिलीं। पिंपरी-चिंचवड़ के शिरगांव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक देवेंद्र चव्हाण ने बताया कि छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने उनकी लोकेशन का पता लगाया था, जिसके बाद पुलिस टीम फ्लैट तक पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, मुग्धा के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। जांच में यह भी पता चला कि उन्होंने अप्रैल में फ्लैट किराए पर लिया था, लेकिन वहां अगस्त से रहना शुरू किया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और उनकी मौत की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।