पुणे न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र के पनवेल तालुका में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 32 साल की महिला ने अपने 11 साल के बेटे और 6 साल की बेटी के साथ हाईराइज बिल्डिंग की 11वीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगा दी। तीनों की मौत हो गई। आरोप है कि महिला के पति ने पुणे के एक दंपति से 2 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया था। कर्ज वापस नहीं कर पाने पर दंपति कथित तौर पर महिला के घर पहुंचा और उसे धमकाया। मृतकों की पहचान मानसी पोपेटे और उनके बच्चों रुद्र व हंसिका के रूप में हुई है।
पति ने लिया था 2 लाख रुपये का लोन
मानसी अपने पति मछिंद्र पोपेटे (42) के साथ रहती थीं। मछिंद्र रियल एस्टेट एजेंट हैं और परिवार पनवेल में 11वीं मंजिल पर किराए के फ्लैट में रहता था। मछिंद्र की शिकायत के आधार पर रायगढ़ की रसायनी पुलिस ने पुणे के विश्वनाथ देसाई और उनकी पत्नी अक्षरा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। इसके अलावा घर में जबरन घुसने, मारपीट और रास्ता रोकने, शांति भंग करने के इरादे से अपमान करने, गंभीर धमकी देने और साझा आपराधिक जिम्मेदारी से जुड़ी धाराएं भी लगाई गई हैं।
फोन पर भी दी जा रही थीं धमकियां
रसायनी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अभिजीत भुजबल के मुताबिक, मछिंद्र ने विश्वनाथ देसाई से 2 लाख रुपये का पर्सनल लोन लिया था। वह समय पर पैसे नहीं लौटा पा रहे थे, जिसके बाद विश्वनाथ और उनकी पत्नी अक्षरा फोन करके उन्हें लगातार धमकाने लगे। मछिंद्र ने पुलिस को इन धमकी भरी कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी दी है। घटना के समय मछिंद्र घर पर मौजूद नहीं थे।
दरवाजा नहीं खोलने पर दंपति ने मारी लात और घूंसे
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8:45 बजे विश्वनाथ और अक्षरा मानसी के घर पहुंचे। मानसी ने दरवाजे की घंटी बजने पर दरवाजा नहीं खोला, तो दोनों ने दरवाजे पर जोर-जोर से हाथ मारा और लातें मारनी शुरू कर दीं। इसके बाद दरवाजा खुलने पर वे कथित तौर पर जबरन घर में घुस गए। आरोप है कि दंपति ने मानसी को गालियां दीं और उनके बच्चों के सामने धमकाया। बच्चे इस दौरान बुरी तरह डर गए थे। पुलिस अधिकारी के अनुसार, दंपति दोबारा आने की चेतावनी देकर वहां से चला गया। इसके कुछ ही देर बाद मानसी और उनके दोनों बच्चों ने 11वीं मंजिल से छलांग लगा दी। पुलिस ने मछिंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।