पुणे न्यूज डेस्क: पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ के डांगे चौक इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिग्नेचर पार्क सोसायटी में रहने वाली 33 साल की एक महिला ने अपने छह साल के बेटे के साथ इमारत की 18वीं मंजिल से छलांग लगा दी। इस घटना में दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान एकता मनोज भांगड (33) और उनके बेटे माधव (6) के रूप में हुई है। मां ने बेटे के साथ इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक, भांगड परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला था। एकता के पति मनोज भांगड येरवडा के आईटी पार्क में एक कंपनी में काम करते हैं। परिवार पिछले दो साल से डांगे चौक की सिग्नेचर पार्क सोसायटी में रह रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मनोज रोज की तरह ऑफिस चले गए थे। उस समय घर पर एकता और उनका बेटा माधव मौजूद थे। शाम करीब 6:30 बजे इमारत के अंदर बने डक्ट से अचानक तेज आवाज आई। आवाज सुनकर सोसायटी के लोग नीचे पहुंचे तो एकता और माधव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। इसके बाद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही वाकड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एकता अपने बेटे माधव के साथ लिफ्ट से सीधे 18वीं मंजिल पर जाती दिखाई दीं। 18वीं मंजिल पर गैलरी के पास मां-बेटे के जूते-चप्पल भी मिले हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि एकता ने बेटे के साथ 18वीं मंजिल से छलांग लगाई।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विठ्ठल सालुंखे ने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे सिग्नेचर पार्क सोसायटी की इमारत में दो लोगों के गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक महिला और छह-सात साल के बच्चे की मौत हो चुकी थी। शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों ने 18वीं मंजिल से छलांग लगाई थी। परिवार में पति, पत्नी और उनका बेटा, कुल तीन लोग रहते थे। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और जरूरी जांच की गई। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। वाकड पुलिस मामले की जांच कर रही है।