पुणे न्यूज डेस्क: पुणे के घोरपड़े पेठ पुलिस चौकी के बाहर शुक्रवार सुबह गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई। बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में 29 वर्षीय ख्वाजाउद्दीन शेख की पीठ में गोली लगी, जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया। गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। ख्वाजाउद्दीन शेख अपने एक रिश्तेदार के घर जा रहा था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सुबह से ही उसका पीछा कर रहे थे। जैसे ही वह घोरपड़े पेठ पुलिस चौकी के पास पहुंचा, बाइक पर आए दो हमलावरों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। तीन गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक शेख की पीठ में लगी, जबकि दो गोलियां निशाने से चूक गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी सुजल सुनील परदेशी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके तीन अन्य साथियों पीयूष परदेशी (25), सोनू परदेशी (27) और नितेश रिकाब (22) को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार पीयूष ने ही शेख पर गोलियां चलाई थीं। मामले में सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2005 में ख्वाजाउद्दीन शेख के चाचा पर आरोपियों में से एक के पिता की हत्या का आरोप था। इसी दुश्मनी के चलते बदला लेने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।