पुणे न्यूज डेस्क: पुणे में 24 वर्षीय विवाहिता सरिता मौर्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उनका शव जब वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र स्थित सरहरी गांव पहुंचा तो परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मायके पक्ष ने मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सरिता मौर्य की शादी सरहरी गांव निवासी संजय मौर्य से हुई थी। वह महाराष्ट्र के पुणे में अपनी ननद के घर रह रही थीं, जहां उनका शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पर पुणे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव गांव पहुंचने के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बीच अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही लोहता थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका अपने पीछे चार वर्षीय पुत्री छोड़ गई हैं। सरिता का मायका मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के डांगर केरी गांव में है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।