पुणे न्यूज डेस्क: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने नीट यूजी 2026 बायोलॉजी पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के पुणे स्थित मॉडर्न कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स की वरिष्ठ वनस्पति विज्ञान शिक्षिका मनीषा गुरुनाथ मंधारे को गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने शनिवार, 16 मई 2026 को दिल्ली में लंबी पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लिया। इस मामले में अब तक कुल 9 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मनीषा मंधारे की गिरफ्तारी के बाद कॉलेज प्रशासन की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोफेसर डॉ. निवेदिता गजानन एकबोटे ने बताया कि उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए मिली। उन्होंने कहा कि अब तक सीबीआई, शिक्षा मंत्रालय या किसी अन्य आधिकारिक एजेंसी की ओर से कॉलेज को कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई है।
प्रिंसिपल ने बताया कि मनीषा मंधारे पिछले 24 वर्षों से कॉलेज में कार्यरत थीं और अगले सात महीनों में रिटायर होने वाली थीं। उन्होंने यह भी कहा कि मंधारे पिछले 5-6 सालों से नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के पैनल से जुड़ी हुई थीं। हालांकि, गोपनीयता नियमों के चलते कॉलेज प्रशासन को नीट परीक्षा या पेपर सेटिंग से जुड़ी किसी भी प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी।
कॉलेज प्रशासन ने फिलहाल मामले से दूरी बनाते हुए कहा है कि मनीषा मंधारे एक अच्छी शिक्षिका थीं, लेकिन एनटीए से जुड़े उनके कार्यों के बारे में संस्थान को कोई जानकारी नहीं थी। वहीं, उनके खिलाफ कॉलेज स्तर पर कार्रवाई के सवाल पर प्रिंसिपल ने कहा कि संबंधित प्राधिकरण से आधिकारिक सूचना मिलने के बाद स्कूल एजुकेशन कानून के तहत आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।