पुणे न्यूज डेस्क: पुणे के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले पर 26 वर्षीय केतन विशाल अग्रवाल की मौत को पहले एक हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में यह मामला अब सुनियोजित हत्या के रूप में सामने आया है। जांच एजेंसियों का दावा है कि केतन को उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने मिलकर घाटी में धक्का दिया था। केतन की करीब 350 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी। यह घटना 19 जून को सिया के जन्मदिन के मौके पर आयोजित ट्रिप के दौरान हुई थी।
पुलिस के अनुसार, सिया गोयल अपने परिवार की पसंद से तय हुई शादी नहीं करना चाहती थी और कथित तौर पर चेतन चौधरी के साथ रिश्ते में थी। जांच में यह भी सामने आया कि केतन की हत्या की साजिश पहली बार 14 जून को रची गई थी। उस दिन उसे लोहागढ़ किले ले जाकर सांप का डर दिखाकर घाटी की ओर धकेलने की कोशिश की गई थी, लेकिन वह प्रयास सफल नहीं हो सका।
इसके बाद 19 जून को दोबारा योजना बनाई गई। पुलिस का आरोप है कि सिया ने जन्मदिन मनाने के बहाने केतन को फिर से लोहागढ़ बुलाया और मौके पर चेतन चौधरी को भी बुला लिया गया। इसी दौरान दोनों ने कथित रूप से केतन को घाटी में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में इसे दुर्घटना माना गया था, लेकिन बाद में मोबाइल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को हत्या की आशंका हुई।
केतन और सिया की शादी अगले महीने होने वाली थी। परिवार के अनुसार, दोनों की बाली यात्रा की भी योजना बनाई गई थी, लेकिन सिया ने पासपोर्ट खो जाने की बात कहकर यात्रा रद्द करवा दी थी। वहीं, केतन ने सिया के जन्मदिन के लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिजॉर्ट में भव्य आयोजन और प्री-वेडिंग शूट की तैयारी की थी। परिवार को गहरा झटका तब लगा जब उन्हें पता चला कि जिसे वे हादसा समझ रहे थे, वह कथित तौर पर एक सुनियोजित हत्या थी।