पुणे न्यूज डेस्क: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में हुए चर्चित सेल्टिया जलाशय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इस सनसनीखेज हत्या मामले के सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
यह मामला 15 मई 2026 का है, जब ग्राम कारोपानी के पास स्थित सेल्टिया जलाशय में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर बोरदेही थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवक का शव पानी में औंधे मुंह पड़ा मिला। शव को एक भारी पेड़ के तने के नीचे दबाया गया था। मृतक की पहचान 22 वर्षीय राजू उईके निवासी ढाकरवाड़ी, थाना नवेगांव, जिला छिंदवाड़ा के रूप में हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने और गंभीर चोटों के चलते हत्या की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि मजदूरी के पैसों के लेन-देन को लेकर मृतक और आरोपियों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। जांच के दौरान पता चला कि 13 मई को एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद राजू आरोपियों के साथ मोटरसाइकिल पर गया था, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इनमें रुपेश कवडे, आयुष नर्रे, तेजीलाल उईके और एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल थे। वहीं मुख्य फरार आरोपी संजय उर्फ संजू धुर्वे पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने उसे पुणे से गिरफ्तार कर लिया। मामले में बोरदेही थाना पुलिस बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई और विवेचना कर रही है।