पुणे न्यूज डेस्क: पुणे और शहर से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों की आवाजाही 15 दिनों तक प्रभावित रहने वाली है। सेंट्रल रेलवे के पुणे डिवीजन में हडपसर-घोरपड़ी तीसरी रेलवे लाइन को शुरू करने के लिए 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग काम किया जाएगा। इस दौरान कई ट्रेनें रद्द रहेंगी, कुछ का रूट बदला जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनें अपने तय स्टेशन से पहले समाप्त होंगी या वहीं से शुरू होंगी। कई ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है।
रेलवे के मुताबिक पुणे और हडपसर यार्ड में चलने वाले इस काम में इंजीनियरिंग, सिग्नलिंग-टेलीकम्युनिकेशन और ओवरहेड इक्विपमेंट से जुड़े काम होंगे। इसका असर खास तौर पर पुणे-मुंबई, पुणे-सोलापुर और दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा। पुणे-सोलापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (12169) और सोलापुर-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस (12170) 19 से 23 सितंबर और 3-4 अक्टूबर को रद्द रहेंगी। सोलापुर-पुणे एक्सप्रेस (11422) 3 अक्टूबर को हडपसर तक ही चलेगी। वहीं हुतात्मा एक्सप्रेस की सेवाओं में भी अलग-अलग तारीखों पर बदलाव किया गया है।
लंबी दूरी की कई ट्रेनों को पुणे से गुजारे बिना दूसरे रूट से चलाया जाएगा। मुंबई-चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस (22159) 19 से 23 सितंबर और 4 अक्टूबर को कल्याण, इगतपुरी, मनमाड और दौंड के रास्ते चलेगी। नागरकोइल-एलटीटी एक्सप्रेस (16340) 22 सितंबर और 2 अक्टूबर को सोलापुर, कुर्डुवाड़ी, दौंड, अहिल्यानगर, मनमाड, नासिक और कल्याण के रास्ते डायवर्ट होगी और पुणे नहीं आएगी। बेंगलुरु-सीएसएमटी उद्यान एक्सप्रेस (11302) की सेवा में भी बदलाव रहेगा और 3 अक्टूबर को इसे सोलापुर में शॉर्ट-टर्मिनेट किया जाएगा। वहीं काजीपेट-हडपसर एक्सप्रेस (17014) कुछ तारीखों पर दौंड तक ही चलेगी और हडपसर-काजीपेट एक्सप्रेस (17013) दौंड से शुरू होगी। 3 और 4 अक्टूबर को इन सेवाओं में कुर्डुवाड़ी तक शॉर्ट-टर्मिनेशन और शॉर्ट-ओरिजिनेशन रहेगा।
पुणे रेलवे डिवीजन के प्रवक्ता हेमंत कुमार बेहरा ने बताया कि यह काम पुणे-हडपसर-घोरपड़ी सेक्शन के महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड का हिस्सा है। उन्होंने यात्रियों से प्रभावित तारीखों में यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस और बदला हुआ समय जरूर चेक करने की अपील की है। कुछ ट्रेनें रद्द या डायवर्ट रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को रास्ते में रेगुलेट किया जा सकता है। पुणे-सोलापुर हुतात्मा एक्सप्रेस 19 सितंबर को शाम 5.50 बजे की जगह 6.20 बजे और 21-22 सितंबर को शाम 6.10 बजे रवाना होगी। वहीं 3 अक्टूबर को सातारा-दादर एक्सप्रेस सातारा से दोपहर 3.30 बजे की जगह रात 10.30 बजे रवाना होगी।