पुणे न्यूज डेस्क: अनंत चतुर्दशी के मौके पर पुणे में गणेशोत्सव के समापन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शुक्रवार सुबह शहर में गणेश विसर्जन की भव्य शोभायात्रा शुरू हुई। इसकी शुरुआत सबसे पहले ‘मानाचा गणपति’ माने जाने वाले श्री कसबा गणपति की पारंपरिक पूजा के साथ करीब सुबह 9:30 बजे हुई।
कसबा गणपति के बाद बाकी चार मानाचे गणपति भी जुलूस में शामिल होंगे। इसके बाद 600 से ज्यादा गणेश मंडल चार प्रमुख रास्तों से विसर्जन के लिए निकलेंगे। इनमें लक्ष्मी रोड, तिलक रोड, केळकर रोड और कुमठेकर रोड शामिल हैं। सभी जुलूस आगे चलकर अलका टॉकीज चौक पर एक साथ पहुंचेंगे।
अलका टॉकीज चौक से आगे गणेश मंडल अपनी-अपनी तय जगहों पर विसर्जन के लिए जाएंगे। इसके लिए मुठा नदी के घाटों के साथ पुणे नगर निगम की ओर से बनाए गए कृत्रिम विसर्जन टैंकों की भी व्यवस्था की गई है। शहर में इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सड़कों पर उतरने की उम्मीद है।
सिर्फ बड़े गणेश मंडल ही नहीं, बल्कि हजारों छोटे मंडल और घरों में स्थापित गणपति की मूर्तियां भी अनंत चतुर्दशी पर विसर्जन के लिए निकलेंगी। इसके साथ ही पुणे में कई जगहों पर गणेश भक्तों की भीड़ और शोभायात्राओं का सिलसिला दिनभर जारी रहने की संभावना है।