पुणे न्यूज डेस्क: खानआलमपुरा स्थित फर्नीचर मार्केट में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से चार बड़े फर्नीचर शोरूम जलकर खाक हो गए। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े छह बजे गंगा फर्नीचर शोरूम में आग लगी, जिसने देखते ही देखते पास के शक्ति फर्नीचर, अमन फर्नीचर और नमन फर्नीचर तक फैल गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में काला धुआं और ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं।
आग की सूचना मिलते ही आसपास रहने वाले लोग दहशत में आ गए। कई परिवारों ने एहतियातन अपने घरों से गैस सिलेंडर और जरूरी सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया। वहीं, स्थानीय लोगों और दुकान मालिकों ने शोरूम के शटर खोलकर सड़क पर रखा फर्नीचर बाहर निकालने की कोशिश की, ताकि नुकसान कम किया जा सके।
दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक ऊपरी मंजिलों पर फर्नीचर बनाने का काम होता था, जहां लकड़ी, जूट, रेक्सीन और अन्य ज्वलनशील सामान रखा हुआ था। इसी कारण आग तेजी से फैलती चली गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।