पुणे न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र के पुणे शहर से सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है। इस वीडियो में कुछ विदेशी पर्यटक भारतीय बाइक राइडर्स के सामने खड़े होकर उनका रास्ता रोकते नजर आ रहे हैं। पहली नजर में यह मामला टकराव जैसा लगता है, लेकिन असल वजह कुछ और ही है। विदेशी पर्यटकों ने ऐसा बाइकर्स को उनकी गलती समझाने के लिए किया।
यह घटना पिंपरी-चिंचवड के रक्षक चौक की बताई जा रही है, जहां कई बाइक सवार मुख्य सड़क छोड़कर फुटपाथ पर बाइक चला रहे थे। पैदल चलने वालों की सुरक्षा को खतरे में डालते देख विदेशी यात्रियों ने आगे बढ़कर बाइकर्स को रोका और इशारों में उन्हें फुटपाथ छोड़कर सड़क से जाने को कहा। उनका यह कदम वहां मौजूद लोगों के लिए चौंकाने वाला था।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स का कहना है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब विदेशियों को आकर भारतीयों को यातायात नियमों की सीख देनी पड़ रही है। वहीं कुछ लोगों ने सवाल उठाए कि जब शहर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक पुलिस तैनात रहती है, तो ऐसे नियम उल्लंघन खुलेआम कैसे हो रहे हैं।
यह पहला मौका नहीं है जब किसी विदेशी ने भारत में नागरिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की हो। इससे पहले जुलाई महीने में हिमाचल प्रदेश से भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक विदेशी पर्यटक झरने के पास फैला कचरा साफ करता दिखा था, जबकि स्थानीय लोग वहां गंदगी फैला रहे थे। उस वीडियो को निखिल सैनी नाम के यूजर ने शेयर किया था, जिसने भी खूब चर्चा बटोरी थी।