पुणे न्यूज डेस्क: पुणे-सोलापुर हाईवे के किनारे सर्विस रोड बनाने के दौरान मिट्टी धंसने से पांच मजदूर उसके नीचे दब गए। इनमें से दो मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि बाकी तीन को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। यह हादसा उस समय हुआ, जब सर्विस रोड का निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक मिट्टी धंसने से वहां काम कर रहे पांच मजदूर उसके नीचे दब गए।
दो मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया
हादसे की जानकारी मिलते ही बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और मिट्टी में दबे मजदूरों को बाहर निकालने में मदद करने लगे। शुरुआती प्रयास में दो मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया। वहीं, बाकी तीन मजदूरों तक पहुंचने के लिए टीमें लगातार मिट्टी हटाने में जुटी हैं। फिलहाल सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना बचाव दल की प्राथमिकता है।
पुणे में पहले भी हुआ था ऐसा हादसा
पुणे में इससे पहले जून में भी इसी तरह का हादसा हुआ था। मोशी स्थित वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की तीन मंजिला इमारत कचरे का बड़ा ढेर खिसककर उस पर गिरने से ढह गई थी। इस हादसे में कई लोग मलबे के नीचे फंस गए थे। बचाव दल ने नौ लोगों को बाहर निकाला था, जबकि कर्मचारी भावेश वाणी को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया था।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय एंटनी लारा रिन्यूएबल एनर्जी के कई कर्मचारी इमारत में फंसे हुए थे। यह कंपनी पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम (पीसीएमसी) के साथ मिलकर 14 मेगावाट क्षमता वाले वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट का संचालन करती है।