पुणे न्यूज डेस्क: बिहार में गन्ना और चीनी उद्योग को नई दिशा देने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। गन्ना उद्योग विभाग और पुणे स्थित वसंतदादा शुगर संस्थान (वीएसआई) के बीच एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में ‘सात निश्चय-3’ के तहत औद्योगिक विकास और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
मंत्री ने कहा कि इस समझौते से बिहार के गन्ना किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर उत्पादन पद्धतियों और शोध आधारित जानकारी का लाभ मिलेगा। साथ ही राज्य के चीनी उद्योग को भी नई ऊर्जा मिलेगी, जिससे उत्पादन क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मकता में वृद्धि होगी।
वसंतदादा शुगर संस्थान के महानिदेशक संभाजी कडुपाटिल ने बिहार में गन्ना उत्पादन और उद्योग विस्तार की संभावनाओं को बेहद उज्ज्वल बताया। उन्होंने कहा कि संस्थान अपने तकनीकी अनुभव और शोध के माध्यम से बिहार के किसानों और उद्योगों को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। इस अवसर पर ईखायुक्त अनिल झा ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संयुक्त ईखायुक्त वेदव्रत कुमार, अशोक दत्तारे कैडलक समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इधर, सहकारिता-सह-गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह ने गोपालगंज जिले के सिधवलिया स्थित भारत शुगर मिल्स का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिल की कार्यप्रणाली, उत्पादन व्यवस्था और किसानों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।