पुणे न्यूज डेस्क: पुणे में दिग्गज गायिका लता मंगेशकर और आशा भोंसले की याद में एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की जानकारी दोनों बहनों के भाई और मशहूर संगीतकार हृदयनाथ मंगेशकर ने दी। उन्होंने बताया कि यह अस्पताल उनकी मां और लता दीदी का एक पुराना सपना था, जिसका मकसद गरीबों और जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना है।
हृदयनाथ मंगेशकर के अनुसार, इस चैरिटेबल अस्पताल को बनाने की कोशिशें करीब 25 साल पहले भी हुई थीं, लेकिन उस वक्त परिस्थितियां अनुकूल न होने के कारण काम पूरा नहीं हो सका था। पहले इसे केवल लता मंगेशकर के नाम पर बनाने की तैयारी थी और 16 तारीख को इसका मुहूर्त भी तय कर लिया गया था, लेकिन इसी बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
दिग्गज गायिका आशा भोंसले का रविवार को 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया, जिसके बाद परिवार ने अब इस प्रोजेक्ट को दोनों बहनों की याद में समर्पित करने का फैसला लिया है। अब यह अस्पताल लता मंगेशकर और आशा भोंसले दोनों के नाम से जाना जाएगा। मंगेशकर परिवार का लक्ष्य इसे न केवल भारत, बल्कि एशिया का सबसे विशाल और आधुनिक चिकित्सा केंद्र बनाना है।
स्वर कोकिला आशा भोंसले का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई के शिवाजी पार्क में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए सचिन तेंदुलकर, आमिर खान, रणवीर सिंह और विक्की कौशल जैसी बड़ी हस्तियां उनके निवास स्थान और श्मशान घाट पहुँचीं। महाराष्ट्र पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जिसके बाद संगीत जगत के एक युग का विधिवत समापन हुआ।