पुणे न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र के पुणे जिले से रायगढ़ के दिवेआगर बीच घूमने पहुंचे 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। हादसा गुरुवार 1 अक्टूबर की शाम हुआ, जब छात्र तेज समुद्री धाराओं की चपेट में आ गए। सभी छात्र पुणे के आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी में 11वीं और 12वीं कक्षा में पढ़ते थे और करीब 48 लोगों के ग्रुप के साथ दिवेआगर पहुंचे थे। इस ग्रुप में 25 लड़के, 17 लड़कियां और 6 शिक्षक शामिल थे।
रायगढ़ पुलिस के मुताबिक, ग्रुप शाम करीब 5:30 बजे बीच पर पहुंचा था। इसके बाद 8 छात्र समुद्र में उतर गए, लेकिन तेज लहरों और करंट के कारण बह गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी 8 छात्रों के शव शाम तक बाहर निकाल लिए गए। इसके बाद उन्हें बोर्ली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की पहचान तन्मय वाहिले, सुमित अहिरे, प्रणव बांसोडे, कैवल्य वासंकर, राजवीर वाहिले, यश वानखेड़े, सोहम भंडवालकर और कौस्तुभ दौंड के रूप में हुई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन छात्रों के शवों को उनके घर आलंदी पहुंचाने की व्यवस्था कर रहा है।
जांच के आदेश
आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि छात्रों के ट्रिप के दौरान जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए थे या नहीं। उनके मुताबिक, शुरुआती जानकारी में 48 छात्रों के साथ सिर्फ दो शिक्षक मौजूद होने की बात सामने आई है। साथ ही इस बात की भी जांच होगी कि जो छात्र तैरना नहीं जानते थे, उन्हें समुद्र में जाने की अनुमति कैसे मिली। एनसीपी (एसपी) नेता सुप्रिया सुले ने भी हादसे पर दुख जताते हुए समुद्र किनारे जाने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।