पुणे न्यूज डेस्क: पुणे के प्रसिद्ध पर्यटन और ट्रेकिंग स्थलों में शामिल लोहगढ़ किले पर एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। अपनी होने वाली पत्नी का जन्मदिन मनाने के लिए किले पर पहुंचे एक 24 वर्षीय युवक की खाई में गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम का माहौल है।
मृतक की पहचान केतन विशाल अग्रवाल (24) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार (18 जून) सुबह वह अपनी मंगेतर के साथ लोहगढ़ किले पर गया था। वहां खूबसूरत नजारों के बीच फोटो खिंचवाते समय उसका संतुलन बिगड़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फोटो लेने के दौरान केतन का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और बचाव दल को तुरंत सूचना दी गई, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इस दुखद घटना ने एक खुशियों भरे जश्न को पलभर में मातम में बदल दिया। शादी की तैयारियों में जुटे दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, इस हादसे के बाद ट्रेकिंग और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।