पुणे न्यूज डेस्क: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की मुख्य आरोपी सिया गोयल के परिवार की दुकान पर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की कार्रवाई के बाद उसके पिता प्रवीण गोयल ने कहा है कि अगर उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे कानून के मुताबिक कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका परिवार जांच में पूरा सहयोग करेगा और न्यायपालिका पर उन्हें पूरा भरोसा है।
प्रवीण गोयल ने बताया कि 14 जुलाई को खाद्य विभाग की टीम उनकी मसाले और ड्राई फ्रूट्स की दुकान पर पहुंची थी और जांच के लिए चार सैंपल लिए थे। उन्होंने कहा कि दुकान के लाइसेंस से जुड़ी कुछ औपचारिकताएं बाकी हैं, जिसके लिए उन्होंने आवेदन कर दिया है। अधिकारियों ने लाइसेंस मिलने तक दुकान बंद रखने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकान को सील नहीं किया गया है।
हालांकि, प्रवीण गोयल ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के मामले की वजह से पूरे परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार लंबे समय से मानसिक तनाव में है और ऐसा महसूस हो रहा है जैसे सजा उन्हें दी जा रही हो। दूसरी ओर, FDA ने बताया कि दुकान से हल्दी पाउडर, तिल और सोयाबीन बड़ी समेत चार नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। साथ ही लेबलिंग में कथित अनियमितताओं और मिलावट की आशंका के चलते करीब 4,172 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई है।
गौरतलब है कि सिया गोयल और उसके बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले पर ट्रैकिंग के दौरान सिया के मंगेतर केतन अग्रवाल को खाई में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। वहीं, FDA ने स्पष्ट किया है कि दुकान पर की गई कार्रवाई का हत्याकांड की जांच से कोई संबंध नहीं बताया गया है।