पुणे न्यूज डेस्क: पुणे के युवा रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की जांच में नया मोड़ आया है। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी सिया गोयल ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी से सगाई के बाद भी परिवार से छिपाकर करीब चार महीने पहले गुपचुप शादी कर ली थी। अब पुलिस इस कथित गुप्त विवाह के सबूत जुटाने में लगी है।
सूत्रों के मुताबिक, फरवरी में केतन अग्रवाल से सिया की सगाई होने के बावजूद उसने चेतन चौधरी से शादी कर ली थी। दोनों ने यह शादी अपने-अपने परिवारों से छिपाकर रखी और दूसरी ओर केतन के साथ शादी की तैयारियां भी जारी रहीं।
बताया जा रहा है कि पुलिस को यह जानकारी आरोपियों के पिछले छह से सात महीनों के डिजिटल रिकॉर्ड की जांच के दौरान मिली। जांच में व्हाट्सऐप चैट, कॉल डिटेल, लोकेशन हिस्ट्री और इंटरनेट सर्च रिकॉर्ड खंगाले गए हैं। पुलिस अब कथित शादी का प्रमाणपत्र तलाश रही है, ताकि घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके और दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए जा सकें।
सूत्रों का दावा है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी की शादी में उनके कॉलेज के दो दोस्तों ने गवाह के रूप में हस्ताक्षर किए थे। इसके अलावा पुलिस की तकनीकी टीम एक निजी इंस्टाग्राम अकाउंट से डिलीट की गई तस्वीरें भी रिकवर करने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि इन तस्वीरों में दोनों शादी की वरमाला पहने नजर आ रहे थे, जो कथित गुप्त विवाह के दावे को मजबूत कर सकती हैं।
जांच में पहले ही सामने आ चुका है कि 18 जून को लोनावला स्थित लोहागढ़ किले से कथित तौर पर केतन अग्रवाल को धक्का देकर उसकी हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को अब शक है कि दोनों ने अपने गुप्त विवाह को परिवारों से छिपाए रखा और बाद में केतन अग्रवाल को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इससे पहले जांच में यह भी सामने आया था कि 14 जून को केतन की हत्या का पहला प्रयास किया गया था, लेकिन वह नाकाम रहा।