पुणे न्यूज डेस्क: पुणे के वडाचीवाड़ी इलाके में शादी के सिर्फ चार महीने बाद 23 वर्षीय आईटी इंजीनियर वैष्णवी गिरसे ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। गुरुवार रात उसने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। वैष्णवी के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि ससुराल में उसे लगातार परेशान किया जा रहा था और कार खरीदने के लिए मायके से 5 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था।
वैष्णवी की शादी 9 मई 2026 को ओंकार गिसरे से हुई थी। परिवार के मुताबिक, शादी के समय उन्होंने करीब 45 लाख रुपये खर्च किए थे और 10 तोला सोना भी दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से कार खरीदने के लिए 5 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मायके वालों का आरोप है कि इसी मांग को लेकर वैष्णवी को मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।
घटना के बाद वैष्णवी के पिता प्रवीण रघुनाथ जरांडे ने कालेपडळ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने वैष्णवी के पति ओंकार संजय गिसरे (28), ससुर संजय महादेव गिसरे (49) और सास रुपाली संजय गिसरे (42) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दहेज प्रतिषेध कानून और आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब परिवार की शिकायत और लगाए गए आरोपों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। वैष्णवी के मायके वालों का कहना है कि कार के लिए पैसों की मांग और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। हालांकि, इन आरोपों की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होगी।