पुणे न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र के पुणे में दहेज के लिए कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने के बाद 33 साल की एक आईटी इंजीनियर की आत्महत्या से मौत हो गई। महिला के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति और ससुराल के चार अन्य सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतका की पहचान तृष्णा राहुल सकपाल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसकी शादी साल 2018 में राहुल सकपाल से हुई थी।
तृष्णा के पिता बालकृष्ण निकम ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी पर अपनी पूरी सैलरी ससुराल वालों को देने का दबाव बनाया जा रहा था। इसके अलावा, उससे मायके का फ्लैट सास के नाम करने और ससुर के लिए करीब एक करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदने की मांग भी की गई थी। शिकायत के मुताबिक, शारीरिक प्रताड़ना से परेशान होकर तृष्णा 2021 में अपने माता-पिता के घर लौट आई थी। बाद में उसके पति ने दूसरी शादी करने के लिए तलाक का केस दायर किया, जो फिलहाल अदालत में लंबित है।
पुलिस के अनुसार, तृष्णा की 29 सितंबर को घर पर मौत हो गई। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के लिए पति राहुल, सास वैशाली, ससुर संजय, ननद शैली और ससुर की मां शकुंतला सालुंके को जिम्मेदार ठहराया है। पिता की शिकायत के आधार पर पांचों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है।
पुणे में दहेज प्रताड़ना का एक और मामला
पुणे में पिछले महीने भी दहेज प्रताड़ना से जुड़ा ऐसा ही मामला सामने आया था। 23 साल की आईटी इंजीनियर वैशाली प्रवीण जरांडे की शादी के करीब चार महीने बाद आत्महत्या से मौत हो गई थी। उसकी शादी ओंकार संजय घिसारे से हुई थी। परिवार ने आरोप लगाया था कि पति और ससुराल वाले कार खरीदने के लिए पांच लाख रुपये और मांग रहे थे और वैशाली को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
शिकायत के मुताबिक, वैशाली के परिवार ने शादी पर करीब 45 लाख रुपये खर्च किए थे और 10 तोला यानी लगभग 116 ग्राम सोना भी दिया था। इसके बावजूद अतिरिक्त पांच लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप है। परिवार ने बताया कि 24 सितंबर की रात वैशाली ने फोन पर अपनी मां को ससुराल में हो रही कथित प्रताड़ना के बारे में बताया था। उसी रात करीब 11:30 बजे उसके पति ने भी मायके वालों से फोन पर संपर्क किया। बाद में जब परिवार वैशाली से संपर्क नहीं कर पाया, तो उसके माता-पिता पुणे पहुंचे। वहां उन्हें उसकी मौत की जानकारी मिली। इस मामले में भी पति और उसके माता-पिता के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।