पुणे न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र में मिलावटी और नकली डेयरी प्रोडक्ट्स के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी मात्रा में संदिग्ध मिलावटी पनीर और नकली खोया जब्त किया है। छापेमारी के दौरान करीब 10 हजार किलो संदिग्ध मिलावटी पनीर और लगभग 5 हजार किलो नकली खोया बरामद किया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह सामान बड़े पैमाने पर महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई किए जाने की आशंका है।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त किया गया माल कर्नाटक से महाराष्ट्र लाए जाने की बात सामने आई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम मौके पर ही जब्त स्टॉक के सैंपल ले रही है। ज्वाइंट कमिश्नर दिगंबर भोगावडे ने बताया कि इन सैंपल की जांच और लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
यह कार्रवाई महाराष्ट्र FDA की मिलावटी और नॉन-डेयरी प्रोडक्ट्स के खिलाफ तेज की गई मुहिम का हिस्सा है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में विभाग पहले ही राज्य में एनालॉग या नॉन-डेयरी पनीर के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा चुका है। इसके तहत ऐसे उत्पादों का बनाना, पैकिंग, स्टोरेज, ट्रांसपोर्ट, थोक और खुदरा बिक्री या सप्लाई करना प्रतिबंधित है। नियम तोड़ने पर मामले की गंभीरता के हिसाब से छह महीने तक की जेल और एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक, एनालॉग पनीर आमतौर पर दूध की जगह वनस्पति तेल या फैट और दूसरे नॉन-डेयरी पदार्थों से बनाया जाता है। अगर इसे असली डेयरी पनीर बताकर बेचा जाता है तो यह उपभोक्ताओं को गुमराह करने के साथ खाद्य सुरक्षा कानून का उल्लंघन माना जा सकता है। इससे पहले पुणे के मंजरी खुर्द में भी एक गोदाम पर छापेमारी के दौरान करीब 1,400 किलो संदिग्ध नकली पनीर जब्त किया गया था। वहां से 1,800 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर, 400 किलो जीएमएस पाउडर और 718 लीटर पाम ऑयल समेत अन्य सामग्री भी मिली थी।