पुणे न्यूज डेस्क: पुणे जिले के हवेली तालुका में जमीन विवाद ने एक किसान की जान ले ली। आरोप है कि 32 वर्षीय किसान महेश साठे को जानबूझकर कार से कुचलकर मार दिया गया। यह घटना पारिवारिक संपत्ति और पानी के स्रोत को लेकर चल रहे पुराने विवाद से जुड़ी बताई जा रही है।
पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, मृतक महेश साठे हवेली तालुका के भावरापुर गांव के रहने वाले थे और खेती करते थे। इस मामले में महेश के पिता लक्ष्मण साठे (58) ने उरुली कांचन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महेश के चचेरे भाई अक्षय साठे (32) और उसके साथी गोकुल कोकरे (23) को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
एफआईआर के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच पैतृक जमीन के बंटवारे और साझा पानी के स्रोत पर पंप लगाने व उसके रखरखाव को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते अक्षय साठे महेश से नाराज रहता था और इसी के चलते उसने साजिश रची।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने जानबूझकर कार से टक्कर मारकर महेश को कुचल दिया। उरुली कांचन पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।