पुणे न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र के पुणे जिले में इफ्तार के दौरान हुए एक हमले की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, करीब 14-15 युवकों का एक समूह रोजा खोलने के लिए एक झील के किनारे जमा हुआ था। इसी दौरान अचानक बड़ी संख्या में बाइक सवार लोग वहां पहुंच गए और कथित तौर पर युवकों से उनके पहनावे और टोपी को लेकर सवाल करने लगे, जिसके बाद वहां माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना सासवड पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत अस्करवाडी के पास स्थित एक झील के किनारे हुई। शिकायतकर्ता 25 वर्षीय फिरोज जावेद सैयद ने पुलिस में दर्ज कराई गई एफआईआर में बताया कि वह अपने करीब 10 साथियों के साथ इफ्तार करने वहां पहुंचे थे। उसी दौरान लगभग 100 से 150 लोग बाइक से वहां पहुंचे और उनसे पूछताछ करने लगे कि क्या यह स्थान उनका है।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने युवकों को टोपी हटाने के लिए कहा और उनके पहनावे पर भी आपत्ति जताई। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और कथित तौर पर हमलावरों ने लाठियों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में 4 से 5 युवक घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के बाद कुछ को छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ का इलाज अन्य अस्पतालों में जारी है।
मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1), 189(2) और 190 सहित दंगा, गैरकानूनी जमावड़ा और खतरनाक हथियारों से हमला करने जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक कुमार कदम ने बताया कि अब तक 10 से 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया जा चुका है और बाकी आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हुई हैं।