पुणे न्यूज डेस्क: महाराष्ट्र के पुणे जिले में नौ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए पीड़िता के 25 वर्षीय पड़ोसी आरोपी साहिल खैरे को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने पुणे-नासिक राजमार्ग पर चक्काजाम कर आरोपी को फांसी की सजा देने और मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की।
पीड़िता चौथी कक्षा की छात्रा थी और कृषि मजदूरों के परिवार से ताल्लुक रखती थी। मंगलवार को तबीयत खराब होने के कारण वह स्कूल नहीं गई थी। दोपहर में जब माता-पिता घर पर नहीं थे, तब आरोपी ने अकेलेपन का फायदा उठाकर इस घिनौने अपराध को अंजाम दिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बच्ची के लापता होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाशी शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शातिर आरोपी पुलिस और ग्रामीणों को गुमराह करने के लिए खुद भी तलाशी अभियान में शामिल होने का नाटक करता रहा।
पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो साइकिल पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर नाले के पास एक पेड़ के नीचे से बच्ची का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना पर दुख व्यक्त करते हुए उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार ने पुणे ग्रामीण एसपी संदीप सिंह गिल से बात कर निष्पक्ष व पारदर्शी जांच के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले की पैरवी फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने का विशेष अनुरोध किया जाएगा।