पुणे न्यूज डेस्क: मुंबई और पुणे में गुरुवार (12 नवंबर 2026) को बम धमाकों की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। मुंबई में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के कार्यालय, मुंबई की मेयर के कार्यालय और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की कुछ शाखाओं को धमकी भरे ईमेल मिले। वहीं, पुणे नगर निगम (पीएमसी) को भी उसके आधिकारिक ईमेल पर बम रखे होने की सूचना दी गई। इन संदेशों में अलग-अलग जगहों पर विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी।
पुलिस के मुताबिक, मुंबई के जवेरी बाजार और मरीन लाइंस स्थित पीएनबी शाखाओं के अलावा बीएमसी कार्यालय को भी धमकी भरे ईमेल मिले थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी जगहों पर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। मुंबई के मेयर कार्यालय में भी धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।
धमकी भरे ईमेल में मुंबई के कई अन्य स्थानों, यहां तक कि एयरपोर्ट और अभिनेता अमिताभ बच्चन के घर को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूत्रों के अनुसार, ईमेल में खालिस्तान का जिक्र करने के साथ 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों को लेकर भड़काऊ बातें भी लिखी गई थीं। जोन-2 की पुलिस उपायुक्त रघुसुधा आर. ने बताया कि बीएमसी कार्यालय और पीएनबी बैंक को बम की झूठी धमकी वाला ईमेल मिला था। तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
उधर, पुणे नगर निगम को भी गुरुवार को उसके आधिकारिक ईमेल पर बम की धमकी मिली। ईमेल भेजने वाले ने दावा किया कि नगर निगम की इमारत के अंदर विस्फोटक रखा गया है और उसे धमाके से उड़ाने की चेतावनी दी। इसके बाद दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की जांच की। यहां भी कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला। फिलहाल पुलिस सभी धमकी भरे ईमेल के तकनीकी रिकॉर्ड, भेजने वाले के ईमेल पते और आईपी एड्रेस की जांच कर रही है, ताकि इनके पीछे शामिल लोगों का पता लगाया जा सके।