पुणे न्यूज डेस्क: पुणे के नाना पेठ इलाके में दिवाली पर पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान एक ऑटो रिक्शा चालक की बेरहमी से पिटाई की गई। अपने पिता को बचाने के लिए बीच में आई 21 साल की बेटी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। घायल युवती की पहचान आकांक्षा नितीन साल्वे के रूप में हुई है। फिलहाल उसका इलाज ससून अस्पताल में चल रहा है। समर्थ पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी और उसके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आकांक्षा के पिता नितीन गिरधारी साल्वे ऑटो रिक्शा चलाते हैं। दिवाली के मौके पर वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ रिश्तेदारों से मिलकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बिल्डिंग में रहने वाले संजय जाधव और उनके दामाद आकाश उर्फ ऋषि उबाले सड़क पर पटाखे फोड़ रहे थे। तभी गलती से साल्वे के रिक्शा का पहिया एक जलते हुए पटाखे के ऊपर से गुजर गया। इसी बात पर आकाश ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। हालांकि, कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और सभी अपने घर चले गए।
इसके बाद 9 नवंबर की रात करीब डेढ़ बजे नितीन साल्वे होप हॉस्पिटल के पास खड़े थे। उसी समय संजय जाधव का बेटा संदेश जाधव अपने तीन दोस्तों के साथ वहां मौजूद था। नितीन को देखते ही संदेश ने दोस्तों से कहा कि पटाखे को लेकर उनके दामाद का इसी व्यक्ति से झगड़ा हुआ था। इसके बाद सभी ने नितीन के साथ दोबारा मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उनकी पत्नी, दोनों बेटियां और भतीजा उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान संदेश के साथ मौजूद विनायक कांबले ने धारदार हथियार से नितीन के सिर पर वार करने की कोशिश की। पिता को बचाने के लिए आगे आई आकांक्षा के सिर पर हथियार से गंभीर चोट लग गई और वह खून से लथपथ होकर बेहोश हो गई।
आकांक्षा को गंभीर हालत में देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में नितीन साल्वे की शिकायत पर समर्थ पुलिस ने विनायक अतिश कांबले (26) और आर्यन विजय शिंदे (18) को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य आरोपी संदेश संजय जाधव (30) और उसके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।